तृणमूल कांग्रेस ने मदन मित्रा को विधानसभा में नया मुख्य सचेतक बनाया, अध्यक्ष कार्यालय पर पत्र न लेने का आरोप

कोलकाता, 23 जून (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में मदन मित्रा को पार्टी का नया मुख्य सचेतक नियुक्त किया है। पार्टी ने इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष को पत्र भेजकर पूर्व मुख्य सचेतक फिरहाद हकीम के स्थान पर मदन मित्रा की नियुक्ति की जानकारी दी है।

तृणमूल कांग्रेस के अनुसार, सोमवार रात को इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष को आधिकारिक ईमेल के माध्यम से सूचना भेज दी गई थी। मंगलवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता शोभनदेव चटर्जी इसकी मुद्रित प्रति जमा करने के लिए अध्यक्ष कार्यालय पहुंचे, लेकिन कार्यालय ने पत्र स्वीकार करने से इनकार कर दिया।

पार्टी का आरोप है कि अध्यक्ष कार्यालय ने मामले को न्यायालयाधीन बताते हुए पत्र लेने से मना कर दिया। तृणमूल कांग्रेस ने इस रुख पर आपत्ति जताते हुए कहा कि पार्टी की ओर से नियुक्ति संबंधी औपचारिक सूचना पहले ही भेजी जा चुकी है।

इस बीच, तृणमूल कांग्रेस की अनुशासन समिति ने फिरहाद हकीम, अरूप विश्वास, अरूप राय, जावेद खान, रथीन घोष, बिप्लब मित्रा, स्नेहाशीष चक्रवर्ती और सबीना यासमीन समेत कई वरिष्ठ नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पार्टी ने इन नेताओं पर जानबूझकर दल-विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है।

यह घटनाक्रम तृणमूल कांग्रेस के भीतर जारी संगठनात्मक विवाद के बीच सामने आया है। विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले एक असंतुष्ट गुट ने सोमवार को अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस समिति के लिए नई नेतृत्व संरचना की घोषणा की थी।

इस गुट ने अरूप राय को समिति का अध्यक्ष घोषित किया था और 30 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यसमिति के गठन का भी ऐलान किया था। साथ ही, गुट ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से पार्टी में मार्गदर्शक की भूमिका निभाने का आग्रह किया था।

ऋतब्रत बनर्जी ने सोमवार को कहा था कि विशेष अधिवेशन में प्रतिनिधियों के सर्वसम्मत चुनाव के माध्यम से अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस समिति और राष्ट्रीय कार्यसमिति का गठन किया गया। उन्होंने दावा किया था कि अरूप राय को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया है।

उन्होंने बताया था कि नई समिति में फिरहाद हकीम, अरूप विश्वास, रथीन घोष, सबीना यासमीन, जावेद खान और संदीपन साहा समेत कई नेता शामिल हैं। वहीं, फिरहाद हकीम, अरूप विश्वास, रथीन घोष और सबीना यासमीन को उपाध्यक्ष बनाए जाने की भी घोषणा की गई थी।

   

सम्बंधित खबर