रायबरेली,12दिसम्बर(हि. स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में मदरसा शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार शाम की है जब शिक्षक बाइक पर बेटी के साथ जा रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच कर रही है।
डीह क्षेत्र के उत्तरी पाठक मजरे बिरनावा गांव निवासी मुर्तजा(45) बेटी के साथ बाइक से उसके ससुराल जा रहे थे। जैसे ही वह रोखा गांव के पास पहुंचे। रास्ते में सात-आठ लोगों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद मौलाना पर गोलियों की बौछार कर दी। वारदात को अंजाम देकर सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। घटना के समय बेटी ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर डीह पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम की मदद से तथ्यों को इकट्ठा किया जा रहा है और बेटी के बयान दर्ज किए गए हैं। मृतक के भांजे तौसीफ़ ने बताया कि अवैध असलहा गैंग से जुड़े लोगों ने मुखबिरी के शक में हत्या की है। अपर पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा ने बताया कि मृतक की बेटी के बयान के आधार पर दो लोगों को नामजद किया गया है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे



