एफडीए की बड़ी कार्रवाई, 33 आरोपी गिरफ्तार, 28 संस्थान सील
- DSS Admin
- May 30, 2026
मुंबई, 30 मई (हि.स.)। अन्न व औषधि विभाग प्रशासन (एफडीए) ने मिलावटखोरों, प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला विक्रेताओं को खिलाफ कार्रवाई की है। एफडीए अधिकारियों ने पूरे राज्य में छापेमारी करके 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कुल 28 संस्थानों को सील किया गया है और लाखों का सामान जब्त किया गया है।
एफडीए की ओर से पूरे राज्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मुहिम शुरू की गई है। फूड सेफ्टी अधिकारियों ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बड़े पैमाने पर छापे मारे हैं। गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू जैसी प्रतिबंधित पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। इस मुहिम में शुक्रवार को 32 जगहों की जांच की गई. इनमें 32 जगहों पर गुटखा, पान मसाला जैसे प्रतिबंधित पदार्थ बिकते पाए गए। करीब 6 लाख17 हजार 761 रुपये का सामान ज़ब्त किया गया और 28 संस्थानों को सील कर दिया गया है। इस मामले में एफआईआर दर्ज करके 33 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है।
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के अनुसार लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के ख़िलाफ़ सख्त आपराधिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी व्यक्ति को कोई छूट नहीं दी जाएगी। एफडीए खाने और दवाओं की गुणवत्ता के बारे में शिकायत दर्ज कराने के लिए एक नया ऐप बनाएगा. नागरिकों के लिए शिकायत दर्ज कराना आसान होगा और एक टोल-फ्री नंबर भी जारी किया जाएगा. शिकायतकर्ता का नाम व पता गोपनीय रखा जाएगा।
---------------

