बटाला के सिंबल चौक पर गाड़ी क्रॉस करने को लेकर फायरिंग, निहंग की मौत, 2 घायल
- Neha Gupta
- Jun 05, 2026

बटाला, 05 जून । बटाला के सिंबल चौक पर गाड़ी क्रॉस करने को लेकर दो गुटों के बीच हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। बहस के दौरान दोनों पक्षों की ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं, जिसमें एक निहंग सिंह की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार पहले फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार एक युवक ने पिस्तौल निकालकर 2 से 3 फायर किए। इसके बाद दूसरी तरफ मौजूद निहंग ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें फॉर्च्यूनर सवार एक युवक घायल हो गया। इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से भारी गोलीबारी की गई, जिसमें निहंग दीपइंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान हालात और भी तनावपूर्ण हो गए, जब एक पक्ष की ओर से लगातार गोलियां चलाई गईं।मौके पर करीब 15 राउंड गोलियां चलीं। घायलों की पहचान जगजीत सिंह और उसके भाई कमलप्रीत सिंह के रूप में हुई है।
बटाला के एसएसपी डॉ. मेहताब सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह झगड़ा गाड़ी क्रॉस करने को लेकर हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों ने अपने हथियारों से एक-दूसरे पर फायरिंग की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सबूत इकट्ठा कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
------------------------

