कठुआ में अवैध लकड़ी तस्करी पर बड़ा प्रहार-5 ट्रक जब्त, कई अन्य वाहन भी कार्रवाई की जद में

Major crackdown on illegal timber smuggling in Kathua - 5 trucks seized


कठुआ, 10 मई । अवैध वन संपदा तस्करी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कठुआ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 मई की सुबह तड़के पांच ट्रकों को जब्त किया। ये सभी ट्रक अवैध रूप से लकड़ी को पंजाब की ओर ले जा रहे थे।

जब्त किए गए ट्रकों में जेके02एटी-7109, जेके02एटी-5975, जेके02एटी-4271, जेके08जे-1836 और जेके21ए-7053 शामिल हैं, जिन्हें कठुआ वन प्रभाग के विभिन्न क्षेत्रों में रोका गया। यह कार्रवाई अंकित सिन्हा डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर कठुआ के नेतृत्व में की गई। उनके साथ रेंज अधिकारी नीतन खजूरिया और विभागीय फील्ड स्टाफ की टीम भी मौजूद रही। वन विभाग की यह कार्रवाई अवैध लकड़ी तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। इससे पहले भी 7 मई को जेके14जे-0068 और 8 मई को जेके21जी-9737 व जेके14डी-3771 नंबर के वाहनों को जब्त किया जा चुका है जो विभाग की सतर्कता और “जीरो टॉलरेंस” नीति को दर्शाता है। डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर ने स्पष्ट किया कि वन संपदा के अवैध दोहन, परिवहन और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि वन संपदा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वन विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध कटाई या लकड़ी के परिवहन से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत विभाग को सूचित करें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

---------------

   

सम्बंधित खबर