किशनगंज जिले के खगड़ा रेड लाइट एरिया में पुलिस की छापेमारी, 22 युवतियां हिरासत में

किशनगंज, 04 जुलाई (हि.स.)।जिले में सदर थाना क्षेत्र के खगड़ा स्थित रेड लाइट एरिया में शनिवार को पुलिस ने बड़ी छापेमारी कर अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 22 युवतियों को हिरासत में लिया है। वहीं मौके से दो से तीन युवकों को भी पकड़ा गया।

पुलिस सभी से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को खगड़ा इलाके में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियों के संचालन की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद सदर थाना पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर शनिवार को इलाके में एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान कई कमरों की तलाशी ली गई तथा वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की गई। प्रारंभिक जांच में हिरासत में ली गई कुछ युवतियों के नाबालिग होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सभी की पहचान और उम्र का सत्यापन करा रही है। यदि जांच में कोई नाबालिग पाई जाती है तो संबंधित कानूनों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे नेटवर्क में किसकी क्या भूमिका रही है।

इस मामले में कृष्ण खलीफा का नाम भी चर्चा में आया है। स्थानीय स्तर पर यह दावा किया जा रहा है कि वह पहले से जेल में बंद है और वहीं से अपने सहयोगियों के माध्यम से कथित तौर पर इस नेटवर्क का संचालन कर रहा था। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और इसे जांच का विषय बताया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ जारी है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।

   

सम्बंधित खबर