थरौरा में प्रधान पद पर मालती ने दर्ज की जीत

हाथरस, 21 फ़रवरी (हि.स.)। तहसील की ग्राम पंचायत थरौरा में हुए प्रधान पद के उपचुनाव में मालती यादव ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नीरज कुमार को 99 मतों के अंतर से पराजित किया। कुल 1655 मतों में से मालती यादव को 831 मत प्राप्त हुए। नीरज कुमार को 732 मत मिले।

अन्य प्रत्याशियों में अरविंद कुमार को तीन, आशीष कुमार को आठ, धर्मेंद्र को एक और नरेंद्र को 9 मत मिले। मतगणना में 71 मत निरस्त किए गए। मतगणना शुक्रवार की सुबह आठ बजे से 11 बजे तक ब्लॉक कार्यालय में हुई। शुरुआती दो राउंड में नीरज कुमार 192 मतों से आगे चल रहे थे। लेकिन तीसरे और चौथे राउंड में मालती देवी ने बाजी पलट दी। विजेता मालती यादव पूर्व प्रधान मनोज कुमार यादव की पत्नी हैं। मनोज यादव की दिसम्बर 2024 में मृत्यु के बाद यह पद रिक्त था। इस परिवार का राजनीतिक इतिहास रहा है। मालती देवी की सास फूलमाला 2001 से 2005 तक प्रधान रहीं। उनके ससुर बृजेश यादव 2001 से 2010 तक ब्लॉक प्रमुख रहे। मालती के पति मनोज यादव 2010 से 2015 तक और 2021 से 2025 तक प्रधान पद पर रहे। एसडीएम और आरओ संजय कुमार ने मालती यादव को विजय प्रमाण पत्र प्रदान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

   

सम्बंधित खबर