साइबर ठगी के पैसे से आभूषण खरीदकर ठगी करने वाला आरोपित गिरफ्तार

गोरखपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। साइबर अपराध से अर्जित धनराशि का उपयोग कर आभूषण खरीदकर ठगी करने के मामले में शाहपुर थाना पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान धीरज सिंह पुत्र हरकेश सिंह निवासी ग्राम उचका गाम, थाना कुचायकोट, जनपद गोपालगंज (बिहार) के रूप में हुई है।

पुलिस ने उसके खिलाफ थाना शाहपुर में मु0अ0सं0 287/2026 धारा 318(4), 61(2) भा.न्या.सं. के तहत कार्रवाई की है और आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।

मामले के अनुसार, एक आभूषण की दुकान में कार्यरत मैनेजर ने थाना शाहपुर में प्रार्थना पत्र देकर सूचना दी थी कि एक व्यक्ति द्वारा अलग-अलग तिथियों में करीब 50 लाख रुपये मूल्य के आभूषण खरीदे गए। इन आभूषणों का भुगतान विभिन्न फर्मों के नाम से संचालित बैंक खातों के माध्यम से किया गया था।

कुछ समय बाद संबंधित फर्म के बैंक खाते को होल्ड किए जाने संबंधी बैंक से ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें बताया गया कि उक्त खाते का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के लेन-देन में किया गया है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान सामने आया कि आभूषण खरीदने वाला व्यक्ति लगातार वीडियो कॉल के माध्यम से धीरज सिंह के संपर्क में था और उसी के निर्देश पर आभूषणों का चयन व खरीद की जा रही थी। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि धीरज सिंह एवं अन्य व्यक्ति ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि का इस्तेमाल कर आभूषण खरीदकर ठगी की घटना को अंजाम दिया। थाना प्रभारी ने शुक्रवार काे बताया कि

पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर