मणिपुर में अलग-अलग इलाकों से भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त, आठ लोग गिरफ्तार

इंफाल, 08 जून (हि.स.)। मणिपुर में उग्रवादियों, मादक पदार्थ तस्करी एवं अन्य अपराधों के विरूद्ध पुलिस एवं सुरक्षा बलों का लगातार अभियान जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय की ओर से सोमवार को दी गयी जानकारी के अनुसार बीते रविवार को सुरक्षा बलों ने सेनापति जिले के सेनापति थानांतर्गत टी खुल्लेन नाका पोस्ट से दो लोगों को गिरफ़्तार किया गया। इनकी पहचान मन बहादुर भट्टराई (24) और अजय बनिया (22) के रूप में की गयी है। दोनों के पास से 28.190 किलोग्राम अफीम, पिकअप गाड़ी (एएस- 05एसी-9494), पांच हजार रुपये और कुछ आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया है।

इसी दिन मणिपुर पुलिस ने काकचिंग जिले के हियांगलाम थानांतर्गत सेकमाइजिंग ब्रिज इलाके से एक व्यक्ति को पकड़ा, जिसकी पहचान सलाम ब्रोजेंद्रो सिंह (35) के रूप में हुई है। वह आंद्रो खराम लीकाई, इंफाल ईस्ट जिले का निवासी है। उसके पास से एक अर्बन क्रूजर टाइसर कार, ल्यूसेंट ऑरेंज रंग की (एमएन-06एलएक्स- 7716) और 250 लीटर देशी शराब बरामद की।

इसके अलावा मणिपुर पुलिस ने चुराचांदपुर जिले के सिंगनट थानांतर्गत सिंगनट चेक पोस्ट से दो लोगों को गिरफ़्तार किया। चेकिंग के दौरान ये दोनों पकड़े गए, जिनकी पहचान के पाउचिनसुआन (57) और तुआहमावी (42) के रूप में की गयी है। दोनों के पास से एक चार पहिया वाहन (एमजेड-01पी-8655 है), 107 साबुनदानी, जिनका वजन 5.143 किलोग्राम था और 1.4 किलोग्राम ब्राउन शुगर और अपराध से जुड़ी अन्य चीजें जब्त की गईं।

वहीं 06 जून को पुलिस टीमों ने इंफाल ईस्ट जिले के लैंगडुम मखा लीकाई इलाके से प्रतिबंधित संगठन केसीपी (एमएफएल) के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ़्तार किया। उसकी पहचान निंगथौजम यांबा सिंह (उर्फ बॉय, उर्फ नाओचा, उर्फ लोइजिंग, उर्फ सनायांबा) (45) के तौर पर हुई है, जो इंफाल ईस्ट ज़िले के केइराओ बित्रा अवांग लीकाई का रहने वाला है। उसके पास से एक 9 एमएम की पिस्तौल और एक स्लिंग बैग जब्त किया गया।

पुलिस के अनुसार 05 जून को चुराचांदपुर के वाजिंग गांव से दो लोगों को गिरफ्तार किया था। इनकी पहचान पाओमिंथंग हाओकिप (44) निवासी हाइका गांव, चंदेल जिला और इस्ला उद्दीन (37), निवासी क्वाक्ता वार्ड नंबर 8, बिष्णुपुर जिला के रूप में की गयी। इनके पास से 1.423 किलोग्राम संदिग्ध नशीला पदार्थ (ब्राउन शुगर) जब्त किया गया।

इस बीच मणिपुर पुलिस मोटर वाहन से जुड़े अपराधों को रोकने के लिए अपना अभियान जारी रखे हुए है। बीते 01 जून से 07 जून तक मणिपुर पुलिस ने मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 74 चालान जारी किए, जिनसे कुल 1,31,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

------------------

   

सम्बंधित खबर