नशा मुक्ति के संदेश के साथ मैराथन, 125 युवाओं व स्थानीय लोगों ने लिया भाग
- Neha Gupta
- Jul 08, 2026

राजौरी, 08 जुलाई । राजौरी जिले के पीरी क्षेत्र में सद्भावना आउटरीच कार्यक्रम के तहत भारतीय सेना द्वारा नशा मुक्ति जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त समाज का संदेश देना था। मैराथन में 125 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया जिनमें युवा, छात्र और स्थानीय निवासी शामिल थे। प्रतिभागियों ने फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली को अपनाने तथा नशीले पदार्थों, धूम्रपान और अन्य हानिकारक आदतों से दूर रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान समुदाय की भागीदारी, परिवार के सहयोग और जिम्मेदार जीवनशैली की भूमिका पर भी जोर दिया गया, ताकि युवा पीढ़ी को नशे की समस्या से बचाया जा सके।
इस अवसर पर प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे जिन्होंने युवाओं के कल्याण और सामाजिक जागरूकता के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की। मैराथन के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पदक, प्रमाणपत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को स्थानीय लोगों का उत्साहजनक समर्थन मिला। इस अवसर पर नशा मुक्ति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर बल दिया गया।

