भरतपुर के गिरधरपुरा गांव में भीषण आग, 25 मकान और सरकारी स्कूल चपेट में
- DSS Admin
- May 20, 2026
भरतपुर, 20 मई (हि.स.)। जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र स्थित गिरधरपुरा गांव में बुधवार दोपहर भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। एक मकान के बाहर रखे ईंधन में लगी आग देखते ही देखते इतनी तेजी से फैली कि गांव के करीब 20 से 25 मकान इसकी चपेट में आ गए। आग पास स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय तक भी पहुंच गई, जिससे स्कूल की छत की पट्टियां टूट गईं।
घटना दोपहर की बताई जा रही है।
गनीमत रही कि स्कूल में छुट्टी हो चुकी थी और उस समय कोई छात्र या शिक्षक मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। एसडीएम सचिन यादव ने बताया कि ग्रामीण इंदर पुत्र नवाब के घर के बाहर रखे सूखे ईंधन में अचानक आग लग गई। तेज हवा और सूखी घास के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और आसपास के मकानों के बाहर रखे ईंधन को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग की सूचना मिलते ही नदबई, बयाना और रूपवास से कुल आठ दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों और प्रशासनिक टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। दमकलकर्मी कमल चौधरी और शुभम ने बताया कि दोपहर में आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दमकल की गाड़ियां गांव पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया। सूखी घास और तेज हवा के चलते आग लगातार फैल रही थी।
आगजनी में कई घरों में नुकसान हुआ है, हालांकि प्रशासन के अनुसार किसी प्रकार की जनहानि या पशुधन के नुकसान की सूचना नहीं है। स्कूल भवन को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है और गर्मी के कारण कुछ कमरों की पट्टियां टूट गईं। प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
---------------

