रिषड़ा नगरपालिका के अस्थायी सफाई कर्मचारी हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने को राजी

हुगली, 19 जून (हि. स.)। रिषड़ा नगरपालिका के अस्थायी सफाई कर्मचारी शुक्रवार को नगरपालिका प्रशासन के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक के बाद काम पर लौटने को राजी हो गए। कर्मचारियों की मांगों को लेकर पिछले कुछ दिनों से जारी गतिरोध का समाधान निकलने के बाद नगर में सफाई व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद बढ़ गई है।

शुक्रवार शाम रिषड़ा नगरपालिका के सभागार में आयोजित बैठक में अस्थायी सफाई कर्मचारियों ने नगरपालिका के चेयरमैन विजय सागर मिश्रा, बोर्ड ऑफ काउंसिलर्स के सदस्यों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सीधी बातचीत की। बैठक के दौरान कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा।

नगरपालिका प्रशासन ने कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों के वेतन में जुलाई माह से वृद्धि की जाएगी तथा बढ़ा हुआ वेतन अगस्त महीने में दिया जाएगा।

लंबी चर्चा और सकारात्मक आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने की सहमति दे दी।

बैठक में चेयरमैन के अलावा वाइस चेयरमैन जाहिद हसन खान, पार्षद मनोज सिंह, पार्षद शशि सिंह, पार्षद सुख सागर मिश्रा सहित अन्य पार्षद उपस्थित थे। इसके अलावा रिषड़ा थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में अस्थायी सफाई कर्मचारी भी बैठक में शामिल हुए।

---------------

   

सम्बंधित खबर