योग सप्ताह का शुभारंभ, योग आइकॉन नंदिता वर्मा सम्मानित
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
बाराबंकी, 15 जून (हि.स.)। देश में 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में बाराबंकी जिले में 15 जून से 21 जून तक मनाए जा रहे योग सप्ताह का सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) ऑडिटोरियम में भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा, विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह और अंगद सिंह ने दीप प्रज्वलित कर तथा भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके किया।
इस अवसर पर जिले की योग आइकॉन नंदिता वर्मा को योग के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उनके समर्पण और उपलब्धियों से प्रभावित होकर एमएलसी अवनीश कुमार सिंह ने उनकी उच्च शिक्षा का पूरा खर्च वहन करने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य विरासत है, जो आज पूरी दुनिया को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की राह दिखा रही है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित छात्र-छात्राओं, अधिकारियों और अन्य प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास किया। इसके बाद योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे मुख्य अतिथियों ने गुब्बारे छोड़कर और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से नागरिकों को नियमित योग अपनाने तथा 21 जून के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन योग प्रशिक्षक डॉ. शशी कुमार अवस्थी ने किया, जबकि अंत में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वीनम यादव ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, योग प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन में जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. ममता सचान का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में परियोजना निदेशक राकेश कुमार सिंह, आयुष विभाग के चिकित्सक, अधिकारी, कर्मचारी, योग प्रशिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और आमजन उपस्थित रहे।
---------------

