जोधपुर, 19 मई (हि.स.)। औषधि व्यापार और जनस्वास्थ्य से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर प्रदेश के केमिस्टों ने ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (एआईओसीडी) के आह्वान पर आगामी 20 मई को जोधपुर सहित प्रदेशभर की दवा दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। इस राष्ट्रव्यापी बंद में देशभर की लगभग 12.60 लाख दवा दुकानें शामिल होंगी।
संगठन के अध्यक्ष अरुण धारीवाल व हरीश दरियानी ने बताया कि अनियमित ई-फार्मेसी के संचालन से बिना पर्ची के दवाओं की बिक्री और नशीली दवाओं की अनियंत्रित उपलब्धता जैसे खतरे बढ़ गए हैं। यह सीधे तौर पर आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। बड़ी कंपनियां भारी छूट और शोषणकारी मूल्य निर्धारण के माध्यम से स्थानीय छोटे व मध्यम दवा विक्रेताओं के अस्तित्व को समाप्त करने का प्रयास कर रही हैं, जिससे लाखों लोगों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने मांग की है कि अवैध ई-फार्मेसी के संचालन पर तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, केंद्र सरकार की अधिसूचना जीएसआर 817 (ई) और जीएसआर 220 (ई) को तुरंत वापस लिया जाए, प्राथमिक कृषि ऋण समितियों को दवा लाइसेंस देने के प्रस्ताव पर सरकार पुनर्विचार करें, दवा बाजार में निष्पक्ष व्यापार व्यवस्था और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए कड़े नियम लागू हों।

