अतिक्रमण व गंदगी पर दिशा बैठक में सांसद मंजू शर्मा ने जताई नाराजगी

जयपुर, 18 मई (हि.स.)। जिला कलेक्टर कार्यालय में सोमवार को आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने शहर की आधारभूत सुविधाओं, धार्मिक पर्यटन, सफाई व्यवस्था और सरकारी जमीनों पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने गढ़ गणेश मंदिर तक रोपवे निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने पर विशेष जोर देते हुए परियोजना में आ रही बाधाओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।

सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि गढ़ गणेश मंदिर धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में रोपवे परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने मंदिर के पीछे की ओर से ऐसा सड़क मार्ग विकसित करने के निर्देश भी दिए, जिससे बुजुर्ग, महिलाएं और अस्वस्थ श्रद्धालु वाहन से ऊपर तक पहुंचकर दर्शन कर सकें।

बैठक में सांसद ने द्रव्यवती नदी परियोजना का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि नदी पर करोड़ों रुपए खर्च किए जा चुके हैं, इसलिए अब उसके सौंदर्यीकरण, स्वच्छता और संरक्षण पर गंभीरता से कार्य होना चाहिए। साथ ही नदी क्षेत्र में अतिक्रमण रोकने तथा वहां वोटिंग और पर्यटन गतिविधियों की संभावनाएं विकसित करने के निर्देश दिए।

जयपुर की जल निकासी व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए सांसद ने कहा कि हल्की बारिश में ही शहर की सड़कें जलमग्न हो जाती हैं और यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। इसे देखते हुए नालों की सफाई, ड्रेनेज सिस्टम सुधार और मानसून पूर्व सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। उन्होंने श्मशान घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने पर भी जोर दिया, ताकि आमजन को अंतिम संस्कार जैसी परिस्थितियों में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

बैठक में चौगान स्टेडियम क्षेत्र से पंजीयन कार्यालय को आगरा रोड स्थानांतरित किए जाने से लोगों को हो रही परेशानियों का मुद्दा भी उठा। इस पर सांसद ने जिला प्रशासन को चौगान स्टेडियम के निकट ही नया पंजीयन कार्यालय स्थापित करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सांसद ने नगर निगम, जेडीए, पंचायत, नदी-नालों और गोचर भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों और निर्माणों पर चिंता जताते हुए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीनों को चिन्हित कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हो।

बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर सांसद राव राजेंद्र सिंह, विधायक गोपाल शर्मा, बालमुकुन्द आचार्य, शिखा बराला, अमराराम, महेन्द्रपाल मीना, जिला कलेक्टर संदेश नायर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर