हिसार : पब्लिक हेल्थ कर्मचारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन
- Admin Admin
- Apr 02, 2025

हिसार, 2 अप्रैल (हि.स.)। सर्व कर्मचारी संघ के आह्वान पर हरियाणा पीडब्ल्यूडी
मैकेनिकल वर्कर यूनियन की पब्लिक हेल्थ ब्रांच हिसार ने अधीक्षक अभियंता पब्लिक हेल्थ
परिमंडल मॉडल टाऊन हिसार के समक्ष हरियाणा सरकार के नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
किया। विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों कर्मचारियों ने भाग लिया। विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता
ब्रांच प्रधान दीपक लोट ने की तथा संचालन ब्रांच सचिव राकेश शर्मा ने किया। विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार ने लगातार
कर्मचारियों की मांगों व मुद्दों की अनदेखी करने का काम किया है। कर्मचारियों की मांगों
को पूरा करने की बजाय कर्मचारी विरोधी नीतियों को बढ़ावा देकर उनको आंदोलन करने के
लिए मजबूर किया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की सरकार ने लगातार कच्चे कर्मचारियों
का शोषण किया है। उन्होंने बताया कि यूनियन की लगातार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने,
हरियाणा में अलग से आठवां वेतन आयोग लागू करने, पुरानी पेंशन स्कीम बहाल करने, कौशल
रोजगार निगम को भंग करने, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आठवां वेतन आयोग से वंचित रहने
का फैसला रद्द करने,सहित अनेक मांगें उठा रही है, लेकिन सरकार ने इसको लेकर उपेक्षापूर्ण
रवैया अपनाने का काम किया। इसलिए आज उपरोक्त मांगों को लागू करवाने के लिए प्रदर्शन
करके अधीक्षक अभियंता को ज्ञापन सौंपा गया है।
विरोध प्रदर्शन को जिला प्रधान ओमप्रकाश मॉल, जिला चेयरमैन नरेश गौतम, ब्लॉक
वरिष्ठ उपप्रधान सुनील लाडवा, रमेश आहूजा, वरिष्ठ उपप्रधान अशोक शर्मा, कैशियर पवन
शर्मा, सहसचिव रमेश मिर्जापुर, सुरेंद्र चहल, बृजलाल, विकास गोस्वामी, रामू शर्मा,
अशोक पूनिया, सतीश, दीपक विक्रम नागर व अमन आदि कर्मचारी नेताओं ने भी संबोधित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर