केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू में “पोस्ट ग्रेजुएशन के बाद की वास्तविक यात्रा” विषय पर मेंटरिंग कार्यक्रम
- DSS Admin
- May 28, 2026

जम्मू, 28 मई । केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू के रसायन एवं रासायनिक विज्ञान विभाग द्वारा कुलपति प्रोफेसर संजीव जैन के नेतृत्व में “द रियल जर्नी आफ्टर पोस्ट-ग्रेजुएशन : लेसन्स फ्रॉम द ग्राउंड” विषय पर मेंटरिंग कार्यक्रम एवं बिजनेस प्लान्स डेमो डे का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्थान के इनोवेशन काउंसिल (आइआइसी) के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट भवन स्थित स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम में किया गया। संस्थान का इनोवेशन काउंसिल, भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की एक पहल है, जिसका उद्देश्य छात्रों और शिक्षकों के बीच नवाचार, उद्यमिता और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम की शुरुआत रसायन एवं रासायनिक विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. सुजाता कुंदन के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने मुख्य वक्ता विनय शर्मा का परिचय करवाया। अपने व्याख्यान “द रियल जर्नी आफ्टर पोस्ट-ग्रेजुएशन : लेसन्स फ्रॉम द ग्राउंड” के दौरान विनय शर्मा ने अपने व्यावसायिक अनुभव साझा करते हुए पोस्ट ग्रेजुएशन के बाद आने वाली वास्तविक चुनौतियों और अवसरों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि औद्योगिक और कॉर्पोरेट क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुकूलन क्षमता, निरंतर मेहनत, व्यावहारिक अनुभव और उद्योगोन्मुखी शिक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने छात्रों को करियर निर्माण, पेशेवर विकास और उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के संबंध में व्यावहारिक मार्गदर्शन भी प्रदान किया। उनके संवादात्मक सत्र ने छात्रों को काफी प्रेरित किया। कार्यक्रम में लगभग 75 स्नातक एवं स्नातकोत्तर छात्रों ने भाग लिया, जिनमें बी.एससी. ऑनर्स, एम.एससी. तथा एम.एससी. केमिस्ट्री के विद्यार्थी शामिल थे। इसके अतिरिक्त शोधार्थियों और संकाय सदस्यों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) पवन कुमार, डॉ. सत्यनारायण बटुला, डॉ. के. कनगराज, डॉ. प्रिंसी गुप्ता, डॉ. अक्षय कुमार और डॉ. इंद्रनील चटर्जी भी उपस्थित रहे।

