खिलाड़ियों की परफेक्ट 'हैंड होल्डिंग' के लिए विदेशी कोच हाेंगे उपलब्ध: डाॅ धन सिंह रावत

- चयनित खिलाड़ियों का पहला कैंप 26 अक्टूबर से

- हर जनपद से निकाली जाएगी ‘टॉर्च रैली’

देहरादून, 21 अक्टूबर (हि.स.)। राज्य की खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के लिए प्रदेश में बेहतरीन खिलाड़ी तैयार किए जाएंगे। हमारे हर खिलाड़ी कि सही से 'हैंड होल्डिंग' हो इसके लिए सरकार किसी प्रकार की कोई कमी नहीं छोड़ेगी। खिलाड़ियों के लिए विदेशी कोच भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

सोमवार को विधानसभा में खेल मंत्री रेखा आर्या ने 38वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी को लेकर उत्तरांचल ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया और उनके कैंप पर संघ के साथ विमर्श किया गया। संघ के अनुसार चयनित खिलाड़ियों का पहला कैंप 26 अक्टूबर से शुरू होगा और भविष्य में इसका विस्तार किया जाएगा। बैठक में खिलाड़ियों के लिए उत्कृष्ट कोच मुहैया करवाने पर भी सर्वसम्मति बनी और तय किया गया कि कोच चाहे देश के भीतर के हों या विदेश से हों, उनको खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार किसी प्रकार की कोई कमी नहीं छोड़ेगी। राष्ट्रीय खेलों से पहले प्रदेश के सभी जनपदों में ‘टॉर्च रैली’ निकाली जाएगी और ज़्यादा से ज़्यादा खिलाड़ियों और लोगों को इस से जोड़ा जाएगा।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के लिए हर स्तर पर उत्तरांचल ओलंपिक संघ को सहयोग दिया जा रहा है और हम सभी के साझा प्रयास यही हैं कि बेहतरीन खिलाड़ी प्रदेश में तैयार किए जाएंगे। हम उत्तराखंड को खेलों में सर्वश्रेष्ठ बनाने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध हैं। सरकार प्रदेश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए संकल्पित हैं।

बैठक में प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, निदेशक खेल प्रशांत आर्य, उत्तरांचल ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेश नेगी, सीईओ चेतन गुरुंग, महासचिव डीके सिंह, ट्रेज़रर महेश जोशी, सदस्य प्रमोद चौधरी सहित खेल विभाग के अन्य आला अधिकारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार

   

सम्बंधित खबर