मॉक ड्रिल: जोरहाट में बम जैसी आवाज से मचा हड़कंप, अचानक बज उठा सायरन

जोरहाट (असम), 15 मई, (हि.स.)। जोरहाट के नेहरू पार्क चारिआली इलाके बीती रात को अचानक सायरन बजने और बम जैसी आवाज सुनाई देने से लोगों के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि बाद में पता चला कि यह भारतीय वायु सेना और असैनिक सुरक्षा विभाग द्वारा आयोजित एक मॉक ड्रिल का हिस्सा था।

यह अभ्यास युद्ध जैसी स्थिति में हवाई हमले के दौरान आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से विभिन्न आपदा एवं राहत एजेंसियों के बीच समन्वय और त्वरित कार्रवाई की क्षमता का प्रदर्शन किया गया।

अभ्यास के दौरान चिकित्सा सेवाओं, अग्निशमन विभाग तथा बचाव दलों ने यह प्रदर्शित किया कि युद्ध की स्थिति में घायल लोगों का उपचार, आग पर काबू पाने और आम नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का कार्य किस प्रकार किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य लोगों में जागरूकता पैदा करना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों को प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए प्रशिक्षित करना है।

-----------

   

सम्बंधित खबर