मुम्बादेवी मंदिर में कल होंगे सोमनाथ शिवलिंग के दर्शन

मुंबई, 29 जून (हि.स.)। आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर के मार्गदर्शन में निकाली जा रही सोमनाथ के पवित्र शिवलिंग की शोभायात्रा के तहत यह शिवलिंग 30 जून मंगलवार को मुंबई के ऐतिहासिक मुम्बादेवी मंदिर पहुंचेगा। श्रद्धालु सायं 4 बजे से 6 बजे तक इय पवित्र शिवलिंग के दर्शन एवं पूजन कर सकेंगे।

मुम्बादेवी मंदिर के प्रबंधक हेमंत जाधव ने बताया कि परंपरागत मान्यता के अनुसार लगभग एक हजार वर्ष पूर्व सन् 1026 में विध्वंस के बाद लुप्त हुए सोमनाथ के पवित्र शिवलिंग के पुनर्प्राकट्य के उपरांत इसे सोमनाथ मंदिर में पुनः प्रतिष्ठित किए जाने से पहले देशभर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ ले जाया जा रहा है। इसी क्रम में यह पवित्र शिवलिंग कल मंगलवार को मुंबई पहुंचेगा।

उन्होंने बताया कि मुम्बादेवी मंदिर में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए आवश्यक प्रबंध भी पूरे कर लिए गए हैं। मंदिर प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से निर्धारित समय पर पहुंचकर दर्शन का लाभ लेने की अपील की है।

_________________

   

सम्बंधित खबर