जोधपुर, 23 मई (हि.स.)। नगर निगम के निराश्रित पशु नियंत्रण दल ने शहर में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या को लेकर आज अभियान चलाते हुए विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की।
निराश्रित पशु नियंत्रण दल प्रभारी राकेश परिहार एवं महेंद्र ने बताया कि आज जोन 1/2 एवं जोन 7/8 की टीमों द्वारा संयुक्त रूप से जालोरी गेट से शनिचरजी का थान, पांचवीं रोड, बारहवीं रोड एवं मसूरिया क्षेत्र में अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान कुल 14 निराश्रित पशुओं को पकडक़र नियमानुसार कार्रवाई की गई। इस दौरान कुछ पशु मालिकों द्वारा विरोध भी किया गया, लेकिन निगम टीम ने कार्रवाई जारी रखी। अधिकारियों ने बताया कि शहरवासियों की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा पूरे क्षेत्र को निराश्रित पशुओं से मुक्त करवाने के प्रयास किए जाएंगे।

