संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद, भाई ने की भाई की हत्या

फिरोजाबाद, 16 अक्तूबर (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत बुधवार को पैतृक संपत्ति बंटवारे को लेकर दो भाइयों में विवाद हो गया। बड़े भाई ने छोटे को बेरहमी से पीटा। इसके बाद पत्नी व बेटे के साथ मिलकर सिर पर ईंट से कूचकर उसकी हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के असुआ गांव की है। गांव निवासी प्रताप,बनी सिंह, उत्तम सिंह तीन भाई हैं। पिता दीनानाथ की मौत के बाद संपत्ति रामदेवी के नाम हो गई थी। तीन भाई एक ही घर में रहते हैं। पिता की मौत के बाद से ही आए दिन बंटवारे को लेकर झगड़ा होता रहता था। बुधवार को भी संपत्ति के विवाद को लेकर उत्तम सिंह और बनी सिंह के बीच विवाद हो गया। दोनों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान बनी सिंह की पत्नी और बेटा भी आ गए। आरोप है कि तीनों ने मिलकर उसे जमकर पीटा। इसके बाद उसे जान से मारने की नीयत से उत्तम सिंह (27) के सिर में ईंट से हमला कर दिया। ईंट लगते ही वह लहूलुहान हो गया। उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई।

एसपी ग्रामीण अखिलेख भदौरिया ने बताया कि संपत्ति को लेकर भाइयों में विवाद हुआ था। मृतक के सिर पर ईंट लगी थी। इससे उसकी मौत हुई है। घटना की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

   

सम्बंधित खबर