घर में घुसकर किसान की गोली मारकर हत्या, बेड पर सो रहे थे लूरी मंडल

पूर्णिया, 13 मई (हि.स.)। जिले में भवानीपुर थाना क्षेत्र के पंडितबासा गांव में बेखौफ बदमाशों ने घर में घुसकर एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी।

मृतक की पहचान रघुनाथपुर पंचायत वार्ड संख्या 4 निवासी ईश्वर मंडल के 46 वर्षीय पुत्र लूरी मंडल के रूप में हुई है। बताया गया कि गांव में एक शादी समारोह था, जिसमें लूरी मंडल अपनी पत्नी उषा देवी के साथ शामिल होने गए थे। देर रात करीब एक बजे दोनों घर लौटे और अपने कमरे में सो गए। उस समय उनके बच्चे ननिहाल गए हुए थे।

परिजनों के अनुसार घर का मुख्य गेट खुला हुआ था। इसी दौरान अज्ञात बदमाश जाफरी वाले दरवाजे से घर में घुस गए और सो रहे लूरी मंडल के सिर में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर पत्नी की नींद खुली तो देखा कि पति खून से लथपथ बेड पर पड़े हैं। कमरे की दीवारों और कपड़ों पर भी खून के छींटे पड़े थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना मिलते ही एसडीपीओ संदीप गोल्डी, भवानीपुर थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक हेलमेट बरामद किया है, जिसे अहम सुराग माना जा रहा है।

एसडीपीओ संदीप गोल्डी ने बुधवार शाम बताया कि किसान की मौत गोली लगने से हुई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। परिजनों ने किसी प्रकार की पुरानी रंजिश से इनकार किया है। पुलिस हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी, लूट या अन्य कारणों की जांच में जुटी है।

लूरी मंडल अपने पीछे पत्नी, पांच बेटियां और दो बेटे छोड़ गए हैं। गांव के लोगों के अनुसार वे शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और खेती-किसानी कर परिवार चलाते थे। घर में घुसकर हुई इस हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

---------------

   

सम्बंधित खबर