एन.सी.सी. युवाओं को नेतृत्व और आत्मनिर्भरता की दिशा में करता है प्रेरित : आनंदीबेन पटेल

लखनऊ, 06 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में गुरुवार को राजभवन में एन.सी.सी. कैडेट अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ने एन.सी.सी. कैडेट्स, ए.एन.ओ., पीआई स्टाफ एवं अधिकारियों को पदक एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही, सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले ग्रुप को एनसीसी बैनर देकर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान यह सम्मान विशेष रुप से गणतंत्र दिवस पर उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स का दिया गया। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स की अनुशासन, देशभक्ति और कर्तव्यपरायणता की भावना की सराहना करते हुए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि एन0सी0सी0 युवाओं को नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रसेवा की दिशा में प्रेरित करता है। उन्होंने कैडेट्स को आगे बढ़ने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया। राज्यपाल ने एनसीसी कैडेट्स की उपलब्धियों की सराहना की। युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उन सभी एनसीसी कैडेट्स का अभिनंदन किया, जिन्होंने राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस शिविर में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस परेड में चयनित होना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है और यह अनुभव कैडेट्स के जीवन की एक अमिट स्मृति बनेगा। राज्यपाल ने कहा कि एनसीसी की स्थापना में राष्ट्रीय एकता और अनुशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने इस पर प्रसन्नता व्यक्त की कि आज एन0सी0सी0 कैडेट्स की संख्या 20 लाख तक पहुंच गई है, जिसमें 08 लाख से अधिक महिला कैडेट्स शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में एनसीसी का दायरा बढ़ाया गया है और इसे सीमावर्ती तथा तटीय क्षेत्रों तक विस्तार दिया गया है। इस विस्तार से सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को नई दिशा और अवसर मिले हैं।

राज्यपाल ने कहा कि एनसीसी दुनिया का सबसे बड़ा वर्दीधारी युवा संगठन है, जो युवाओं को नेतृत्व, राष्ट्रसेवा और अनुशासन का प्रशिक्षण देता है। उन्होंने इस बात पर गर्व जताया कि भारत के युवा वैश्विक स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं और विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति को सशक्त करने के लिए सरकार ने बीते 10 वर्षों में अनेक प्रयास किए हैं, जिनमें कौशल विकास, डिजिटल सेवाओं का विस्तार, सिंगल विंडो सिस्टम, शिक्षा में सुधार, आसान बैंक लोन और मुद्रा लोन जैसी योजनाएं शामिल हैं। ये सभी पहल युवाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध हो रही हैं।राज्यपाल ने एनसीसी ग्रुप गाजियाबाद को एडीजी एनसीसी बैनर जीतने पर बधाई दी, साथ ही सभी पुरस्कार विजेताओं को उनकी उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव राज्यपाल डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, एनसीसी उत्तर प्रदेश के अपर महानिदेशक मेजर जनरल विक्रम कुमार , एनसीसी कैडेट्स, एनसीसी निदेशालय व राजभवन के अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र नाथ राय

   

सम्बंधित खबर