बसोहली में एनडीआरएफ द्वारा जागरूकता शिविर का आयोजन

NDRF organizes awareness camp in Basohli


बसोहली, 08 जून । राष्ट्रीय आपदा मोचन बल द्वारा बसोहली में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एडीसी बसोहली पंकज भगोत्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

13वीं बटालियन एनडीआरएफ के सब-इंस्पेक्टर कमल सिंह के नेतृत्व में एएसआई रविकांत और एएसआई पवन कुमार ने आम जनता को आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने आग लगने की स्थिति में बचाव, गैस सिलेंडर में आग बुझाने, डूबते व्यक्ति को बचाने, हृदयाघात की स्थिति में प्राथमिक सहायता देने तथा प्राकृतिक आपदाओं के दौरान आत्म-सुरक्षा के उपायों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।

मुख्य अतिथि एडीसी बसोहली ने अपने संबोधन में कहा कि एनडीआरएफ द्वारा दी गई जानकारी अत्यंत उपयोगी है जिससे किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू हो चुके हैं और एनडीआरएफ से आग्रह किया कि अवकाश के बाद बसोहली उप-जिले के स्कूलों में भी ऐसे जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं ताकि छात्र और स्कूल प्रबंधन भी इसका लाभ उठा सकें। कार्यक्रम में तहसीलदार सागर विश्वकर्मा, विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी, पूर्व बीडीसी अध्यक्ष सुषमा जम्वाल, सरपंच, वार्ड सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर