नीट पेपर लीक पर जताई नाराजगी, प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन
- DSS Admin
- May 15, 2026
फतेहपुर, 15 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शुक्रवार को सैकड़ों युवाओं ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी भेजा। अभिलेश सिंह ने परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन देते हुए कहा कि नीट जैसी प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा में पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों और अभिभावकों के विश्वास को गहरा आघात पहुंचाया है। यह परीक्षा विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी हुई है और इसमें निष्पक्षता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसी घटनाएं केवल मेहनती और सामान्य छात्रों के साथ अन्याय नहीं हैं, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी गंभीर सवाल खड़े करती हैं। यदि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति होने की आशंका बनी रहेगी।
युवाओं ने मांग की कि पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा पेपर लीक में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की भी अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मामले को गंभीरता से लेते हुए छात्रों के हित में जल्द उचित कार्रवाई करें ।

