पेपर लीक प्रकरण में कांग्रेसियों ने केंद्रीय मंत्री का फूंका पुतला
- DSS Admin
- May 13, 2026

अजमेर, 13 मई(हि.स.)। नीट परीक्षा प्रश्न पत्र लीक और परीक्षा रद्द होने पर अजमेर में बुधवार को कांग्रेसियों ने जिला कलेक्ट्रेट के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का पुतला फूंका और एनटीए के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष व किशनगढ़ के विधायक विकास चौधरी के नेतृत्व में किया गया इस दौरान पूर्व शिक्षामंत्री नसीम अख्तर इंसाफ, प्रदेश सचिव सुनील लारा, पूर्व विधायक राम नारायण गुर्जर व शिव प्रकाश गुर्जर सहित कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।
विधायक विकास चौधरी ने मीडिया को वक्तव्य दिया कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने देश के विद्यार्थियों के भविष्य को नीलाम कर दिया है। पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी नहीं की जा रही है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांगा साथ ही एनटीए को भंग करने की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नीट परीक्षा का पेपर लीक होने से देश के करीब 23 लाख विद्यार्थियों को जिस मानसिक तनाव से गुजरना पड़ा है इसकी भरपाई नहीं की जा सकती।
---------------

