रेल कर्मचारी की तत्परता से घायल महिला यात्री को समय पर मिला उपचार
- DSS Admin
- Jun 07, 2026
काेटा, 07 जून (हि.स.)। कोटा रेलवे स्टेशन पर एक महिला यात्री के चलती ट्रेन से जल्दबाजी में गिरकर घायल हो जाने की घटना में रेल कर्मचारी की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के चलते उसे समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि अनुराधा (36 वर्ष) अपने दो बच्चों के साथ कोटा से जयपुर जाने के लिए स्टेशन पहुंची थीं। जल्दबाजी में वे जयपुर जाने वाली ट्रेन के स्थान पर गाड़ी संख्या 61616 कोटा-नागदा मेमू में सवार हो गईं। ट्रेन के चलने के बाद दिशा संबंधी भूल का पता चलने पर उन्होंने घबराहट में चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास किया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे प्लेटफॉर्म पर गिरकर घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन अधीक्षक(वाणिज्य) विकास गुप्ता तत्काल अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना विलंब 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, वाणिज्य नियंत्रण कक्ष को घटना से अवगत कराया तथा स्ट्रेचर की व्यवस्था कर घायल महिला को शीघ्र उपचार हेतु राजकीय चिकित्सालय भिजवाया। उनकी तत्परता के कारण महिला को समय रहते चिकित्सा सहायता मिल सकी।
---------------

