नीट छात्रा मौत मामले में ऐसा सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक संघर्ष करेगा

Pidita ke parivaar se milte

समस्तीपुर, 04 जून (हि.स.)।

पटना में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत नीट छात्रा के पैतृक गांव समस्तीपुर जिले के पोखरैरा पहुंचकर ऐपवा (अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन) की टीम ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात की।

टीम ने परिजनों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव संघर्ष करने का भरोसा दिया तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मौके पर ऐपवा की जिला अध्यक्ष बंदना सिंह ने कहा कि बिहार में बेटियां लगातार असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

महिलाओं और छात्राओं के खिलाफ बढ़ती घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि मृत छात्रा के मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि 2 जून को समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर के भगीरथपुर में 9 साल की बच्ची की रेप के बाद जघन्य तरीके से हत्या कर दी गई। आदर्शनगर की छात्रा का 3 जून को पंखे से लटकता शव बरामद किया गया।

ऐपवा नेता प्रीति ने कहा कि बेटियों को न्याय दिलाने के लिए संगठन सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक संघर्ष करेगा। उन्होंने कहा कि यदि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और उनके दुख में सहभागी होने के साथ न्याय की लड़ाई में साथ रहने का आश्वासन दिया। ऐपवा नेताओं ने सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, सुरक्षा तथा मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच सुनिश्चित करने की मांग की।

इस अवसर पर ऐपवा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। उन्होंने एक स्वर में कहा कि बेटियों की सुरक्षा और न्याय के सवाल पर संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा।

   

सम्बंधित खबर