ओडिशा दौरे पर नीतिन नवीन, कोर कमेटी बैठक में संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा
- DSS Admin
- May 18, 2026
भुवनेश्वर, 18 मई (हि.स.)। ओडिशा दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार सुबह भुवनेश्वर स्थित भाजपा राज्य कार्यालय में आयोजित पार्टी की राज्य कोर कमेटी की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
पार्टी के सूत्रों के अनुसार, बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, राज्य के आर्थिक विकास तथा विभिन्न राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, जुएल ओराम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मनमोहन सामल, भाजपा ओडिशा प्रभारी विजय पाल सिंह तोमर , सह-प्रभारी लता उसेंडी, उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेव तथा उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा भी मौजूद रहे।
इसके अलावा भाजपा के प्रदेश संगठन महासचिव मानस महांति, सांसद प्रताप षडंगी, डाॅ. संबित पात्र और अन्य वरिष्ठ नेता भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया पर कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की उपस्थिति में आयोजित राज्य कोर कमेटी की बैठक में वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठनात्मक कार्यों को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य की डबल इंजन सरकार ओडिशा के सर्वांगीण विकास, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक प्रगति को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक नागरिक के कल्याण और ओडिशा की गौरवशाली पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
---------------

