गुरुग्राम से भटककर नारनौल पहुंची नाबालिग बच्ची, पुलिस ने परिवार से मिलाया
- DSS Admin
- May 12, 2026
नारनाैल, 12 मई (हि.स.)। गुरुग्राम से गलती से बस में बैठकर नारनौल पहुंची एक नाबालिग बच्ची को मंगलवार को शहर थाना पुलिस ने सकुशल उसके परिजनों के हवाले कर दिया। बच्ची को अकेले और घबराई हुई हालत में देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस की तत्परता से बच्ची को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुग्राम निवासी एक नाबालिग बच्ची किसी कारणवश रास्ता भटक गई थी। इसी दौरान वह गलती से गुरुग्राम से नारनौल आने वाली बस में सवार हो गई। जब बस नारनौल बस स्टैंड पहुंची तो बच्ची वहां उतर गई, लेकिन अनजान शहर और अपरिचित माहौल के कारण वह घबरा गई और इधर-उधर भटकने लगी। बस स्टैंड पर मौजूद लोगों ने बच्ची को परेशान हालत में देखा तो तुरंत इसकी सूचना डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की ईआरवी टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर शहर थाना नारनौल पहुंची। पुलिसकर्मियों ने बच्ची से शांतिपूर्वक और स्नेहपूर्वक बातचीत की, जिससे उसका भरोसा बढ़ा और उसने अपने परिजनों से जुड़ी जानकारी साझा की।
बच्ची द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने उसके पिता से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद बच्ची के पिता तुरंत नारनौल पहुंचे। थाना शहर में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित उसके पिता के हवाले कर दिया। अपनी बच्ची को सकुशल वापस पाकर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। परिजनों ने कहा कि यदि समय रहते पुलिस मदद नहीं करती तो बच्ची किसी बड़ी परेशानी में फंस सकती थी। पुलिस अधिकारियों ने भी आमजन से अपील की कि यदि कहीं कोई बच्चा अकेला या संदिग्ध स्थिति में दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उसकी मदद की जा सके।
---------------

