नारनाैल के अग्निवीर शंकर सिंह को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई

पुष्प चक्र अर्पित करते हुए सैनिक।


राजौरी में संदिग्ध गोली लगने से मौत, पत्नी की आत्महत्या के एक महीने बाद गांव में पसरा मातम

नारनाैल, 06 जुलाई । जिले के गांव सोहड़ी के अग्निवीर शंकर सिंह (22) का पार्थिव शरीर सोमवार को उनके पैतृक गांव पहुंचा, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, पूर्व सैनिक और गणमान्य लोग शामिल हुए। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार शंकर सिंह राजपूताना राइफल्स में क्लर्क के पद पर तैनात थे। उनकी ड्यूटी जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के मंजाकोट थाना क्षेत्र स्थित तरकुंडी गली में थी। शनिवार (चार जुलाई) को यूनिट में अचानक गोली चलने से शंकर गंभीर रूप से घायल हाे गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

परिवार का कहना है कि सर्विस रिवॉल्वर की सफाई करते समय अचानक गोली चल गई। हालांकि सेना ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किन परिस्थितियों में चली। बताया जा रहा है कि उनकी सेवा के अभी 16 महीने शेष थे। उनके पिता दीप सिंह भी सेना में सेवाएं दे चुके हैं।

शंकर सिंह के परिवार पर यह दूसरा बड़ा दुख है। 10 जून को उनकी पत्नी ने भी आत्महत्या कर ली थी। सोमवार को गांव में निकली अंतिम यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने “भारत माता की जय” और “शंकर अमर रहे” के नारे लगाए। सूबेदार सूरजभान और सूबेदार संतलाल के नेतृत्व में सेना की टुकड़ी ने उन्हें अंतिम सलामी दी। इस माैके पर महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह, बाबा वचनाई नाथ सहित अनेक गणणान्य लोग माैजूद रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर