नारनौल रेलवे स्टेशन पर अचेत मिले साधु की अस्पताल में मौत

मदार-रोहतक ट्रेन में सफर कर रहे थे साधु, पहचान के प्रयास जारी

नारनाैल, 19 मई (हि.स.)। नारनौल रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक साधु बाबा अचेत अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों ने इसकी सूचना तुरंत रेलवे प्रशासन और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और साधु बाबा को उपचार के लिए तुरंत नागरिक अस्पताल नारनौल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जीआरपी चौकी इंचार्ज कैलाशचंद ने बताया कि साधु बाबा गाड़ी संख्या 09639 मदार-रोहतक ट्रेन में यात्रा कर रहे थे। ट्रेन के नारनौल रेलवे स्टेशन पहुंचने पर वे बेहोशी की हालत में पाए गए। इसके बाद रेलवे कर्मचारियों और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने साधु की जांच की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है।

जीआरपी पुलिस आसपास के क्षेत्रों, रेलवे स्टेशनों और अन्य माध्यमों से साधु बाबा की पहचान करवाने के प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक की पहचान होने के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर