नारनौलः युवाओं पर है कल के भारत के निर्माण का दायित्वः नीलिमा गुप्ता

नारनाैल, 8 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश के डॉक्टर हरि सिंह गौर विश्वविद्यालय सागर की कुलपति प्रो. नीलिमा गुप्ता ने कहा कि कल के भारत के निर्माण का दायित्व आज के युवाओं के कंधों पर है। विद्यार्थी अपने ज्ञान का उपयोग करके राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण योगदान दें। प्रो. नीलिमा गुप्ता शनिवार को हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि) महेंद्रगढ़ के दीक्षांत समारोह में बोल रही थी। इस मौके पर हरियाणा लोक सेवा आयोग की सदस्य ममता यादव व पिडिलाइट इंडस्ट्रीज के निखिल माथुर भी मौजूद रहे।

नीलिमा गुप्ता ने अपने संबोधन में विश्वविद्यालय की प्रगति पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय वर्ष 2009 में स्थापित अन्य विश्वविद्यालयों की तुलना में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अपने सपनों को साकार करने और समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में प्राप्त ज्ञान को चुने हुए क्षेत्रों में सर्वोत्तम तरीके से लागू किया जाना चाहिए। अर्जित ज्ञान का उपयोग समाज की सेवा के लिए भी किया जाना चाहिए। उन्होंने भविष्य को आकार देने में शिक्षा के महत्त्व पर भी जोर दिया

हरियाणा लोक सेवा आयोग की सदस्य ममता यादव ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र के लिए विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने के लिए तैयार करने में शैक्षणिक संस्थान के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने यह भी बताया कि किस तरह हरियाणा के युवा विभिन्न क्षेत्रों में इसके विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

प्रो. टंकेशवर कुमार ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि भारत के निर्माण में महिला शक्ति का अहम योगदान होने वाला है। उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों में लगभग 50 प्रतिशत छात्राएं हैं। इस मौके पर विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद, शैक्षणिक परिषद् व विश्वविद्यालय की कोर्ट के सदस्य, विश्वविद्यालय की विभिन्न पीठों के अधिष्ठाता, कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजीव कौशिक व वित्त अधिकारी डॉ. विकास कुमार आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

   

सम्बंधित खबर