नारनौल में बेकाबू कार बारात में घुसी,सात घायल,दो गंभीर

नारनौल, 25 नवंबर (हि.स.)। नारनौल में सोमवार रात को एक कार बेकाबू होकर दूल्हे की निकासी में जा घूसी। इस हादसे में सात लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार सोमवार रात को मोहल्ला खड़खड़ी के रहने वाले निरंजन चौहान के लड़के नितेश की बारात जाने के लिए निकासी निकाली जा रही थी। निकासी में जब लोग नाचते गाते बैंड बाजे के साथ किलारोड पर पहुंचे तो एक बेकाबू कार निकासी में शामिल लोगों में जा घुसी। कार ने दूल्हे की बग्गी को भी टक्कर मारी। जिसमें दूल्हा बाल-बाल बच गया। बारात में कार घुसने के बाद वहां पर चीख पुकार मच गई।

अफरातफरी में महिलाएं व बच्चे भागने लगे। इस हादसे में सात लोग घायल हो गए जिनमें दो को गंभीर चोट लगी है। वहीं हादसे में घायल सभी लोगों को एम्बुलेंस से नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। हादसे में करीब 18 वर्षीय मोहित व हरजी नामक व्यक्ति गंभीर हैं। जिनका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस जांच अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि रात को दूल्हे की निकासी में एक कार घुसने की सूचना मिली थी। जिसके बाद वे मौके पर गए थे। इस हादसे में करीब सात लोग घायल हुए थे। जिनको नागरिक अस्पताल भर्ती कराया गया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

   

सम्बंधित खबर