अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली, 06 जुलाई (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 198 क्वार्टर (करीब 35.64 लीटर) अवैध शराब, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी और दो लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि बरामद नकदी अवैध शराब की बिक्री से अर्जित रकम है। मामले में फरार आरोपित सन्नी की तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, पांच जुलाई को ए-3 ब्लॉक सब्जी मंडी, नंद नगरी इलाके में हेड कांस्टेबल सचिन, कांस्टेबल संजू और कांस्टेबल संजय नियमित गश्त और जांच कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक स्कूटी सवार युवक को संदिग्ध अवस्था में रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान स्कूटी से 198 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपित की पहचान जसवीर सिंह के रूप में हुई है। वह ए-3 ब्लॉक, नंद नगरी का रहने वाला है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह सन्नी नामक व्यक्ति के लिए अवैध शराब की सप्लाई और बिक्री करता था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने सन्नी के घर पर छापेमारी की, जहां से दो लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, यह रकम अवैध शराब के कारोबार से अर्जित होने की आशंका है।

इस संबंध में नंद नगरी थाने में एफआईआर संख्या 377/2026 के तहत दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33, 45, 58 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब अवैध शराब के स्रोत, पूरे सप्लाई नेटवर्क और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

जांच में यह भी सामने आया कि फरार आरोपी सन्नी का परिवार पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। पुलिस के अनुसार, उसका पिता संजय (अब मृतक) इलाके का घोषित बदमाश (बीसी) था। वर्तमान में उसकी मां भी इलाके की बीसी है और उसके खिलाफ दिल्ली आबकारी अधिनियम तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत 14 मामले दर्ज हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर