प्रधानमंत्री मोदी ने नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट जीतने पर प्रज्ञानानंद को दी बधाई
- DSS Admin
- Jun 06, 2026
नई दिल्ली, 06 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद को नॉर्वे शतरंज 2026 का खिताब जीतने पर बधाई दी है। प्रज्ञानानंद इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
प्रधानमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “इस शानदार उपलब्धि के लिए प्रज्ञानानंद को बधाई। यह वास्तव में एक अविश्वसनीय उपलब्धि है, जो उनकी निरंतर उत्कृष्टता को दर्शाती है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी ओर से शुभकामनाएं।”
उल्लेखनीय है कि आर. प्रज्ञानानंद का पूरा नाम रमेशबाबू प्रज्ञानानंद है। उनका जन्म 10 अगस्त 2005 को चेन्नई में हुआ था। उन्होंने वर्ष 2018 में महज 12 वर्ष की आयु में ग्रैंडमास्टर बनकर दुनिया के सबसे कम उम्र के ग्रैंडमास्टर्स में अपनी जगह बनाई थी।
प्रज्ञानानंद ने वर्ष 2022 में ऑनलाइन रैपिड टूर्नामेंट में विश्व चैंपियन मैग्नस कार्लसन को हराकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरी थीं। अब नॉर्वे शतरंज 2026 का खिताब जीतकर उन्होंने भारतीय शतरंज के इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।
------------

