न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने वानखेड़े स्टेडियम में खेला क्रिकेट

मुंबई, 20 मार्च (हि.स.)। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने गुरुवार को मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में कीवी स्पिनर एजाज पटेल, पूर्व बल्लेबाज रॉस टेलर और तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट के साथ क्रिकेट खेला। इस दौरान उन्होंने भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्रिकेट संबंधों पर चर्चा की, जिनमें कई ऐतिहासिक लम्हे और रिकॉर्ड शामिल हैं।

लक्सन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह वानखेड़े स्टेडियम में मौजूद नजर आ रहे हैं। इस दौरान न्यूजीलैंड के खिलाड़ी ट्रेंट बोल्ट, मिचेल सैंटनर और बेवन जैकब्स, मुंबई इंडियंस के लिए इंडियन प्रीमियर लीग के उद्घाटन मैच की तैयारी कर रहे थे। मुंबई इंडियंस 23 मार्च को चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगी।

लक्सन ने मजाकिया अंदाज में याद किया कि 2021 में इसी मैदान पर एजाज पटेल ने भारत के खिलाफ एक टेस्ट पारी में सभी 10 विकेट लेकर इतिहास रचा था, लेकिन वे खुद उन्हें आउट नहीं कर सके।

उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, भारत और न्यूजीलैंड को क्रिकेट से ज्यादा कुछ और नहीं जोड़ता। यहीं, वानखेड़े स्टेडियम में, एजाज पटेल ने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। बस रिकॉर्ड के लिए बता दूं, उन्होंने मुझे आउट नहीं किया।

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए)के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में, न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन का ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में स्वागत करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। इस दौरान हमने उन्हें मुंबई क्रिकेट की समृद्ध विरासत से अवगत कराया, जिसमें वानखेड़े स्टेडियम की भूमिका, महान भारतीय क्रिकेटरों का योगदान और 2011 विश्व कप जीत जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियां शामिल हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच गहरे क्रिकेट संबंधों को देखते हुए, यह गर्व का क्षण था कि हम मुंबई क्रिकेट की प्रतिभा और जुनून को दिखा सके।

दिल्ली के आधिकारिक दौरे के दौरान प्रधानमंत्री लक्सन ने क्रिकेट से जुड़ा एक दिलचस्प क्षण साझा किया। उन्होंने पूर्व कीवी क्रिकेटर रॉस टेलर के साथ स्थानीय बच्चों के साथ क्रिकेट खेला, जिससे दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूती मिली।

लक्सन ने सोशल मीडिया पर ट्वीट किया, भारत और न्यूजीलैंड को क्रिकेट से ज्यादा कुछ और नहीं जोड़ता, जिससे दोनों देशों के बीच क्रिकेट के प्रति साझा प्रेम और गहरे संबंधों का पता चलता है।

हाल ही में भारत और न्यूजीलैंड दुबई में खेले गए आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में आमने-सामने थे, जहां भारतीय टीम ने कीवियों को हराकर खिताब जीता। हालांकि, इससे पहले न्यूजीलैंड ने भारत की घरेलू टेस्ट जीत की लय को तोड़ते हुए पिछले साल टेस्ट सीरीज में जीत हासिल की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

   

सम्बंधित खबर