राष्ट्रीय खेल: तीरंदाजी का शानदार समापन, उत्तर प्रदेश और हरियाणा का जलवा
- Admin Admin
- Feb 07, 2025
देहरादून, 7 फ़रवरी (हि.स.)। 38वें राष्ट्रीय खेलों में तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन बेहतरीन प्रदर्शनों के साथ हुआ, जिसमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा और मणिपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
पुरुषों की व्यक्तिगत स्पर्धा में उत्तर प्रदेश का दबदबा
पुरुषों की व्यक्तिगत श्रेणी में उत्तर प्रदेश के मनीष ने स्वर्ण पदक जीतकर अपना वर्चस्व साबित किया, जबकि उनके ही राज्य के शुभम ने रजत पदक हासिल किया। मणिपुर के चिंगाखम नेल्सन सिंह ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में मणिपुर की रोजिना देवी ने मारी बाजी
महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में मणिपुर की लाइफ्राकपम रोजिना देवी ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। छत्तीसगढ़ की चांदनी साहू ने रजत और असम की तुतुमोनी बोरो ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
मिक्स्ड टीम इवेंट में महाराष्ट्र का जलवा
मिक्स्ड टीम स्पर्धा में महाराष्ट्र के गौरव संजयराव चांदने और भावना संतोष सत्यागिरी की जोड़ी ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। झारखंड के मधो बिरुआ और मनीषा कुमारी की जोड़ी ने रजत पदक जीता, जबकि असम के अरुण बारो और नम्रता ब्रह्मा ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
पुरुषों की टीम स्पर्धा में हरियाणा को स्वर्ण
पुरुषों की टीम स्पर्धा में हरियाणा ने शानदार प्रदर्शन किया। यशु, आशीष मलिक, राहुल और रवि की टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उत्तर प्रदेश की टीम (शुभम, मनीष, जयदीप कुशवाहा और अभिषेक) ने रजत पदक जीता, जबकि महाराष्ट्र की टीम (गौरव संजयराव चांदने, रोशन नारायण सोलंके, अनिकेत महेंद्र गावड़े और पवन सदानराव जाधव) ने कांस्य पदक पर कब्जा किया।
महिला टीम इवेंट में हरियाणा का दबदबा
महिला टीम स्पर्धा में भी हरियाणा की टीम का जलवा देखने को मिला। निकिता, दिव्या, मोनिका और काजल की टीम ने स्वर्ण पदक जीता। मणिपुर की टीम (लाइफ्राकपम रोजिना देवी, मोइरंगथेम बेबी देवी, मिलेनिया थोकचोम और हेकृजम रोशिना देवी) ने रजत पदक जीता, जबकि छत्तीसगढ़ की टीम (चांदनी साहू, सुलोचना राज, सुशीला नेताम) ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे