राष्ट्रीय खेल: दिल्ली के नवनीत सिंह का शानदार प्रदर्शन, लॉन बॉल में फिर चमके
- Admin Admin
- Feb 05, 2025
देहरादून, 5 फ़रवरी (हि.स.)। यहां जारी राष्ट्रीय खेलों में दिल्ली के स्टार लॉन बॉल खिलाड़ी नवनीत सिंह ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। नवनीत, जो मेंस पेयर्स और मेंस फोर्स कैटेगरी में खेलते हैं, ने अब तक कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक अपने नाम किए हैं।
नवनीत सिंह ने 2011 में लॉन बॉल खेल की शुरुआत की थी और तब से लेकर अब तक उन्होंने गुजरात राष्ट्रीय खेल में स्वर्ण और रजत पदक, गोवा राष्ट्रीय खेल में दो कांस्य पदक और उत्तराखंड राष्ट्रीय खेल में कांस्य पदक जीता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने भारत का नाम रोशन किया है, जिसमें 2018 की एशियन चैंपियनशिप में जीते गए रजत और कांस्य पदक शामिल हैं।
2022 के कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुषों की फोर स्पर्धा में रजत पदक जीतकर उन्होंने इतिहास रच दिया था। इस उपलब्धि से लॉन बॉल को भारत में नई पहचान मिली और कई युवा खिलाड़ी इस खेल से प्रेरित हुए। नवनीत सिंह ने उत्तराखंड सरकार द्वारा खिलाड़ियों को दी जा रही सुविधाओं की भी सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे