राष्ट्रीय खेल: रिकर्व तीरंदाजी का शानदार समापन, जुएल सरकार और दीपिका कुमारी ने जीते व्यक्तिगत स्वर्ण
- Admin Admin
- Feb 06, 2025
![](/Content/PostImages/e36ea7e5a04cc5305e9124e250e07493_658750216.jpg)
देहरादून, 6 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तराखंड में चल रहे 38वें राष्ट्रीय खेल में रिकर्व तीरंदाजी प्रतियोगिता का रोमांचक समापन हुआ, जहां देश के शीर्ष तीरंदाजों ने अपनी प्रतिभा और धैर्य का अद्भुत प्रदर्शन किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कई दिग्गजों ने अपनी प्रतिभा साबित की और पदक अपने नाम किए।
पुरुष रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा:
पश्चिम बंगाल के जुएल सरकार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। सर्विसेज के इंद्र चंद इंद्र ने कड़ा मुकाबला किया, और रजत पदक जीता। वहीं, सिक्किम के अनुभवी तीरंदाज तरुणदीप राय ने अपनी योग्यता का परिचय देते हुए कांस्य पदक जीता।
महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा:
झारखंड की स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी ने अपने जबरदस्त प्रदर्शन से स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। बिहार की अंशिका कुमारी ने भी सराहनीय खेल दिखाया लेकिन रजत पदक जीता । झारखंड की ही एक और प्रतिभाशाली तीरंदाज कोमलिका बारी ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में कांस्य पदक हासिल किया।
रिकर्व मिश्रित टीम स्पर्धा:
महाराष्ट्र की जोड़ी शुकमणि गजानन बबरेकर और गाथा आनंदराव खडके ने 4(19) के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। हरियाणा की जोड़ी पारस हूडा और भजन कौर ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन 4(18) के स्कोर के साथ उन्हें रजत पदक मिला। झारखंड की गोल्डी मिश्रा और दीपिका कुमारी की जोड़ी ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 5-1 के स्कोर से कांस्य पदक जीता।
रिकर्व पुरुष टीम स्पर्धा:
झारखंड की पुरुष टीम, जिसमें गोल्डी मिश्रा, श्रेय भारद्वाज, विष्णु चौधरी और गुरुचरण बेसरा शामिल थे, ने 4(29) के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। उत्तर प्रदेश की टीम, जिसमें नीरज चौहान, अमन सिंह यादव, रोहित कुमार और मृणाल चौहान थे, ने 4(27) के स्कोर के साथ रजत पदक हासिल किया। सर्विसेज की टीम, जिसमें बोम्मदेवरा धीरज, राहुल, इंद्र चंद इंद्र और सुखचैन सिंह शामिल थे, ने रोमांचक मुकाबले में 4(28) - 4(27) के स्कोर से कांस्य पदक जीता।
रिकर्व महिला टीम स्पर्धा:
महाराष्ट्र की महिला टीम, जिसमें गाथा आनंदराव खडके, वैश्नवी बब्बाराव पवार, शर्वरी सोमनाथ शिंदे और मुक्ता दीपक मोडगी शामिल थीं, ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। झारखंड की टीम, जिसमें दीपिका कुमारी, कोमलिका बारी, अंकिता भगत और तमन्ना वर्मा थीं, ने रजत पदक जीता । हरियाणा की टीम, जिसमें भजन कौर, कीर्ति, अवनि और भावना शामिल थीं, ने शानदार खेल दिखाते हुए 4(30) - 4(26) के स्कोर से कांस्य पदक जीता।
इस तरह, 38वें राष्ट्रीय खेल में रिकर्व तीरंदाजी प्रतियोगिता कई यादगार मुकाबलों की गवाह बनी और भारत के युवा तीरंदाजों ने अपनी प्रतिभा का
शानदार प्रदर्शन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे