राष्ट्रीय खेल: ताइक्वांडो के दूसरे दिन हरियाणा, यूपी, महाराष्ट्र और सर्विसेज के खिलाड़ियों का जलवा



रुद्रपुर, 8 फ़रवरी (हि.स.)। 38वें राष्ट्रीय खेलों के ताइक्वांडो मुकाबलों के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। क्योर्गी और पूमसे इवेंट्स में देशभर के एथलीट्स ने अपनी प्रतिभा का जलवा दिखाया। हरियाणा, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और सर्विसेज के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए।

क्योर्गी इवेंट में दमदार मुकाबले

महिला ओवर 73 किग्रा वर्ग में हरियाणा की हिमांशी अंतिल ने शानदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक जीता, जबकि असम की रोडाली बरुआ को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। महाराष्ट्र की श्रेया नितिन जाधव और ओडिशा की रुचिका श्रीरंग भावे ने कांस्य पदक हासिल किए।

महिला अंडर 49 किग्रा वर्ग का खिताबी मुकाबला उत्तर प्रदेश के दो खिलाड़ियों के बीच हुआ, जहां वैष्णवी ने नयन अविनाश बर्गजे को हराकर स्वर्ण पदक जीता। उत्तराखंड की दिव्या भारद्वाज और हरियाणा की दीक्षा ने कांस्य पदक अपने नाम किए।

महिला अंडर 62 किग्रा वर्ग में उत्तर प्रदेश की रिशिता राज ने अपनी फुर्ती और कौशल का जलवा दिखाते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। उत्तराखंड की भूमिका जन्तवाल ने रजत पदक जीता, जबकि महाराष्ट्र की मनीषा सुद्धाराम गुट्टेदार और भारती रोहिदास मोरे ने कांस्य पदक जीते।

पुरुष ओवर 87 किग्रा वर्ग में महाराष्ट्र के मह गौरव दत्तात्रेय भट ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया, जबकि राजस्थान के राज ऋतुराज यादव को रजत पदक मिला। कर्नाटक के प्रीतम आर और उत्तराखंड के काव्य तलरेजा ने कांस्य पदक जीते।

पुरुष अंडर 58 किग्रा वर्ग में सर्विसेज के अब्दुल वाहिद जे ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि हरियाणा के अमन कुमार को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। मध्य प्रदेश के हनी यादव और महाराष्ट्र के आयुष संदीप ओहल ने कांस्य पदक हासिल किए।

पुरुष अंडर 74 किग्रा वर्ग में जम्मू-कश्मीर के आशीष ने शानदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक जीता। सर्विसेज के रामवीर गुर्जर को रजत पदक मिला, जबकि उत्तराखंड के राहुल सिंह और ऋषभ अधिकारी ने कांस्य पदक जीते।

पूमसे मिक्स्ड पेयर मुकाबलों में दिखा तकनीकी कौशल

पूमसे मिक्स्ड पेयर इवेंट में विभिन्न राज्यों की टीमों ने अपने कौशल और समन्वय का शानदार प्रदर्शन किया। इस स्पर्धा में शीर्ष आठ जोड़ियों ने भाग लिया, जिसमें महाराष्ट्र ने दो टीमें (महाराष्ट्र ए और महाराष्ट्र बी) उतारी।

प्रतिभागी जोड़ियां इस प्रकार रहीं:

महाराष्ट्र – ए: हरनेकर मृनाल शशिकांत और सिंह ठाकुर वंश प्रेम

अरुणाचल प्रदेश: रयोडी पिकरी और तेजा मिचिंग

महाराष्ट्र – बी: चेड हुसुंधरा विनोदकुमार और भोले शिवानी ऋषिकेश

दिल्ली: शिल्पा थापा और कुनाल कुमार

ताइक्वांडो में बढ़ रहा रोमांच

जैसे-जैसे प्रतियोगिता आगे बढ़ रही है, ताइक्वांडो के रोमांचक मुकाबले दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं। आगामी दिनों में और अधिक रोमांचक मैच देखने को मिलेंगे, क्योंकि एथलीट्स राष्ट्रीय खेलों में गौरव हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

   

सम्बंधित खबर