काठमांडू, 20 मई (हि.स.)। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल का अगले महीने के १-4 जून तक भारत की यात्रा पर जाना तय हुआ है।
भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सहभागिता वाले एक अंतर-सरकारी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सहभागी होने के लिए नई दिल्ली जाने वाले हैं। इस यात्रा को नेपाल और भारत के बीच संबंध विस्तार के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विदेश मंत्री खनाल बाघ, तेंदुआ सहित वन्यजीव संरक्षण से जुड़े अंतरराष्ट्रीय समूह बिग कैट अलायंस के सम्मेलन में सहभागी होने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उद्घाटन किए जाने वाला यह सम्मेलन २ जून से ३ जून तक चलेगा। खनाल 4 जून को स्वदेश लौटेंगे।
इस दौरान सम्मेलन स्थल पर ही प्रधानमंत्री मोदी और खनाल के बीच संक्षिप्त बातचीत होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और वाणिज्य मंत्री पियूष गोयल के साथ भी ‘साइडलाइन’ वार्ता की तैयारी चल रही है। यह जानकारी नेपाल के विदेश मंत्रालय ने दी है।
-----------------------

