अजमेर मंडल ने 9 घंटे से कम समय में ध्वस्त कर बनाया नया रेलवे पुल

जयपुर, 17 मई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में मारवाड़-आबू रोड रेल मार्ग पर स्थित एक रेलवे पुल को 9 घंटे से भी कम समय में ध्वस्त कर नया पुल तैयार किया गया। रेलवे अधिकारियों ने इसे संरक्षित रेल संचालन और तकनीकी दक्षता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि सुरक्षित रेल संचालन के लिए रेलवे पटरियों और आधारभूत संरचना का समय-समय पर रखरखाव, मरम्मत और आधुनिकीकरण आवश्यक होता है। इसी क्रम में मारवाड़-आबू रोड रेल खंड पर आउवा और भिंवालिया स्टेशनों के बीच स्थित रेलवे पुल संख्या-605 को ध्वस्त कर नया पुल बनाने का कार्य किया गया।

उन्होंने बताया कि दोपहर 12.45 बजे ब्लॉक लेकर कार्य प्रारंभ किया गया। निर्धारित समय से पहले ही पुल को ध्वस्त कर 16 ब्लॉक सेगमेंट और 12 स्लैब लगाकर नया पुल तैयार कर लिया गया तथा रात 9.30 बजे ब्लॉक खाली कर रेल मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया।

रेलवे के अनुसार इस दौरान रेल संचालन प्रतिबंधित रहने की अवधि का उपयोग करते हुए मरम्मत एवं अनुरक्षण से जुड़े कई अन्य कार्य भी योजनाबद्ध तरीके से पूरे किए गए। सुमेरपुर-जवाई बांध स्टेशन पर 12 मीटर पैदल पुल के 10 गर्डर लगाए गए। इसके अलावा चार वेल्डिंग के साथ दो डब्ल्यूसीएमएस क्रॉसिंग लगाए गए तथा आठ वेल्डिंग के साथ दो रेल और एक एसईजे को बदला गया।

इसके साथ ही 11 ग्लू जॉइंट का नवीनीकरण, 10 एसईजे फ्लेंज का यूएसएफडी परीक्षण तथा यूटीवी के माध्यम से आठ रेल और सात क्रॉसिंग का परिवहन किया गया। मदार-मारवाड़ रेल खंड में 750 घन मीटर गिट्टी अनलोडिंग, एफआरएम से 1200 मीटर शोल्डर गिट्टी की सफाई, बीसीएम से 380 मीटर डीप स्क्रीनिंग तथा यूएनआईमेट द्वारा 2.8 टर्नआउट, दो एसईजे और 360 मीटर ट्रैक टैंपिंग का कार्य भी पूरा किया गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि विभाग का प्रयास रहता है कि रेल संचालन में न्यूनतम अवरोध के साथ कार्य पूर्ण कर यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।

---------------

   

सम्बंधित खबर