तीन महीने बाद कब्र खोदकर निकाला नवजात का शव,हाेगा पाेस्टमार्टम
- Vijesh Sharma
- Jul 07, 2026

दादा ने लगाए थे हत्या के आरोप
नूंह, 07 जुलाई । नूंह जिले के गांव सौंख में मंगलवार को करीब तीन महीने पहले दफनाए गए एक नवजात का शव प्रशासनिक आदेश पर कब्र से निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारी, मेडिकल टीम और पुलिस बल मौजूद रहा।
जानकारी के अनुसार नगीना थाना गांव जैताका निवासी अख्तर की बेटी अफसाना की शादी वर्ष 2023 में गांव सौंख निवासी साहिल से हुई थी। सितंबर 2025 में साहिल की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उस समय अफसाना गर्भवती थी। पति की मौत के करीब दो महीने बाद उसने बेटे को जन्म दिया और बाद में वह अपने मायके में रहने लगी।
बताया गया कि 5 मार्च को नवजात की तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद बच्चे के दादा शमशाद शव को गांव सौंख ले गए और उसका अंतिम संस्कार कर दिया। बाद में शमशाद ने नगीना थाना पुलिस में शिकायत देकर अपनी बहू अफसाना, उसके पिता अख्तर, मां और भाई पर नवजात की हत्या का आरोप लगाया।
मामले की जांच के दौरान प्रशासनिक आदेश पर मंगलवार को कब्र खोदकर शव बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जांच अधिकारी देवी सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------

