एनएच-27 पर दर्दनाक हादसा: बाइक की टक्कर से किसान की मौत,आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Maut

सुपौल, 30 मई (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही स्थित धर्मपट्टी में शनिवार को एनएच-27 पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और फरार बाइक सवारों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।

मृतक की पहचान रतनपुर थाना क्षेत्र के समदा वार्ड संख्या-12 निवासी सियाराम मालाकार (55) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी पुत्री के यहां नवजात शिशु के जन्म की सूचना मिलने पर सिमराही आए थे। निजी क्लिनिक में पुत्री से मुलाकात करने के बाद वह धर्मपट्टी स्थित अपने दामाद के घर जा रहे थे।

इसी दौरान धर्मपट्टी में एनएच-27 पर बने कट के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक पर तीन युवक सवार थे और वाहन काफी तेज गति में था। टक्कर लगते ही सियाराम मालाकार सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को पकड़ लिया, लेकिन बाइक सवार तीनों युवक मौके से भाग निकलने में सफल रहे। सूचना मिलने पर राघोपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और बाइक को जब्त कर जांच शुरू कर दी।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने का विरोध करते हुए एनएच-27 पर बांस-बल्ली लगाकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि इलाके में तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिनों पहले भी इसी मार्ग पर एक व्यक्ति की जान सड़क हादसे में चली गई थी। लोगों ने प्रशासन से दुर्घटनाओं पर रोक लगाने, फरार बाइक सवारों की शीघ्र गिरफ्तारी करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की। जाम के कारण कुछ समय तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। फरार युवकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

   

सम्बंधित खबर