डकैती की योजना बनाते दौरान हथियार समेत नौ लोग गिरफ्तार

पश्चिम चम्पारण (बगहा),19जून(हि.स.)। बगहा पुलिस जिला के भैरोगंज थाना ने डकैती की योजना बना रहे एक गिरोह पर छापेमारी करके नौ लोग को गिरफ्तार किया है, गिरफ्तार लोगों के पास से हथियार, कारतूस, लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

बगहा पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल ने बताया कि आज सुबह भैरोगंज थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हराहा नदी के किनारे आम के बगीचे में कुछ संदिग्ध लोग एकत्र होकर किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना पर मेरे द्वारा विशेष टीम का गठन करके पुलिस की बड़ी कार्रवाई करके चोरी और लूट की कई घटनाओं में शामिल एक संगठित अपराधी गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया है।

पुलिस ने डकैती की योजना बनाते समय गिरोह के नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से हथियार, कारतूस, लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस ने बगीचा की घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को देखकर सभी संदिग्ध भागने लगे, लेकिन जवानों ने उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो पिस्टल, दो मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस, एक देशी कट्टा, एक धारदार चाकू, 11,740 रुपया नकद, लूट में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, छह मोबाइल फोन तथा हाल की लूट की घटनाओं में छीने गए तीन मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह का संचालन तनवीर खान करता है। वह अपने साथियों के साथ सुनसान स्थानों पर बैठकर लूटपाट की योजना बनाता है। पुलिस के अनुसार, लूटे गए सामान को मुराद अली और कुनैन अंसारी के माध्यम से झुंझुनू उर्फ जूना तक पहुंचाया जाता था, जहां उसे बेचकर नकदी हासिल की जाती थी।

गिरफ्तार आरोपितों में तनवीर खान, गुड्डू अंसारी उर्फ इफ्तेहार, नबी आलम, मुराद अली, कलाम आलम, सरफराज आलम, कुनैन अंसारी, झुंझुनू उर्फ जूना तथा बिट्टू जायसवाल शामिल हैं। इनमें से कुछ आरोपितों पर हत्या, हत्या के प्रयास, गृहभेदन, चोरी और लूट जैसे गंभीर मामलों के कई पुराने मुकदमे दर्ज हैं।इस संबंध में भैरोगंज थाना में कांड संख्या 92/26 दर्ज कर अग्रेत्तर कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी अभियान में एसडीपीओ निहार भूषण, एसडीपीओ रागिनी कुमारी, भैरोगंज थाना पुलिस, डीआईयू टीम और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर