जांजगीर चांपा: स्कूल के क्लासरूम में शिक्षक-शिक्षिका का कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल, कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
जांजगीर-चांपा, 22 जून (हि. स.)। जिले में शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक सरकारी स्कूल के क्लासरूम का कथित आपत्तिजनक वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। वीडियो को लेकर जिलेभर में चर्चा का माहौल है और अभिभावकों समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो नवागढ़ विकासखंड के एक शासकीय विद्यालय से जुड़ा बताया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से यह वीडियो मोबाइल फोन और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों के बीच साझा किया जा रहा है। वीडियो के प्रसारित होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों में नाराजगी देखी जा रही है।
विद्यालय को बच्चों के भविष्य निर्माण और संस्कारों का केंद्र माना जाता है। ऐसे में क्लासरूम से जुड़े इस कथित वीडियो ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अभिभावकों का कहना है कि वे अपने बच्चों को भरोसे के साथ स्कूल भेजते हैं और इस प्रकार की घटनाएं शिक्षा व्यवस्था की छवि को प्रभावित करती हैं। मामले के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और छात्र संगठनों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। हालांकि वीडियो की सत्यता को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।
इधर, सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद मामला जिला प्रशासन के संज्ञान में पहुंच गया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा को जांच के निर्देश दिए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा ने बताया कि वायरल वीडियो विभाग को भी प्राप्त हुआ है। वीडियो की सत्यता, स्थान और समय की पुष्टि के लिए जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रहा क्लासरूम संबंधित विद्यालय का ही है या नहीं तथा घटना कब की है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए प्राचार्यों की एक टीम गठित कर दी गई है। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार की भ्रामक या अपुष्ट जानकारी प्रसारित न करें। वहीं, यदि जांच में वायरल वीडियो और उसमें शामिल लोगों की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे मामले पर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की नजर बनी हुई है तथा जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

