देवरिया, 23 मई (हि.स.) । उतर प्रदेश के देवरिया जनपद थाना भलुअनी पुलिस ने शनिवार को मारपीट और जानलेवा हमला करने के मामले में नामजद आरोपित ब्रह्मा सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि
थाना भलुअनी में दर्ज मुकदमा से संबंधित नामजद अभियुक्त ब्रह्मा सिंह (60) पुत्र स्वर्गीय रामचन्द्र सिंह निवासी मस्टोडरगिरी मठिया थाना भलुअनी जनपद देवरिया को पुलिस ने गांव के मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि 20 मई को वादी धीरज सिंह ने थाना भलुअनी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विपक्षीगण उनके लीची के पेड़ से फल तोड़कर नुकसान पहुंचा रहे थे। जब उनके माता-पिता ने फल तोड़ने से मना किया तो आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान वादी के माता-पिता को गंभीर चोटें आईं। तहरीर के आधार पर थाना भलुअनी में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपित ब्रह्मा सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
-------------

