बलरामपुर : 28 से 30 जून तक चलेगा पल्स पोलियो अभियान, एक लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
बलरामपुर, 22 जून (हि.स.)। जिले में राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के तहत 28 से 30 जून तक पल्स पोलियो अभियान-2026 का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व में संचालित इस अभियान का उद्देश्य जिले के सभी 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखना तथा भारत की पोलियो मुक्त पहचान को बनाए रखना है।
अभियान के प्रथम दिवस 28 जून, रविवार को जिले के 693 पोलियो बूथों पर विशेष व्यवस्था की जाएगी। यहां 1386 स्वास्थ्यकर्मियों एवं सहयोगी दलों द्वारा बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का कार्य करेंगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के दौरान जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 1 लाख 7 हजार 731 बच्चों को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ तक अवश्य लेकर जाएं और पोलियो की दो बूंद जीवन रक्षक खुराक पिलाकर उनके सुरक्षित भविष्य में भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखने के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है और प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उल्लेखनीय है कि 27 मार्च 2014 को भारत को पोलियो मुक्त देश का प्रमाण-पत्र प्राप्त हुआ था। पिछले 14 वर्षों से अधिक समय से देश पोलियो मुक्त बना हुआ है। हालांकि वैश्विक परिस्थितियों और संक्रमण के संभावित जोखिमों को देखते हुए भारत एक्सपर्ट एडवाइजरी ग्रुप (आईईएजी) की अनुशंसा के आधार पर नियमित रूप से राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस एवं पल्स पोलियो अभियान आयोजित किए जाते हैं।
---------------

